एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों से तंग आकर शनिवार देर खुदकुशी कर ली। पुलिस महिला की सास हरदीप कौर, ससुर हरजिंदर सिंह और पति लखविंदर सिंह पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आरोपी पति दुबई में है।
थाना डिवीजन एक के प्रभारी बलबीर सिंह ने कहा कि एमएससी कंप्यूटर साइंस पास गुरजीत कौर की दो साल पहले मकसूदां के विवेक विहार के रहने वाले लखविंदर सिंह से शादी हुई थी। उन्होंने कहा कि शादी के बाद पति लखविंदर सिंह दुबई चला गया तो पीछे से उसके सास और ससुर उसे किसी न किसी बात पर तंग करते थे।
शनिवार रात को खुदकुशी करने से पहले विवाहिता ने अपने पिता को 11:15 पर मेसेज किया, जिसमें लिखा था कि उसकी मौत का जिम्मेदार ससुराल परिवार होगा। यह मेसेज भेजने के बाद उसने कोई जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। गुरचरण सिंह को सुबह फोन कर बेटी के ससुरालियों ने मौत की जानकारी दी।
गुरचरण सिंह ने बेटी का मेसेज देख कर इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी बलबीर सिंह ने पिता को किए मेसेज को सुसाइड नोट मानते हुए सास, ससुर और विवाहिता के पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोनों गिरफ्तार सास और ससुर को सोमवार अदालत में पेश किया जाएगा।
गुरचरण सिंह अगर शनिवार रात को 15 मिनट देरी से सोते तो शायद अपनी बेटी की जान बचा सकते थे। शनिवार रात को खुदकुशी करने से पहले गुरजीत कौर ने अपने पिता गुरचरण को 11:15 पर मेसेज किया, जिसमें लिखा था कि उसकी मौत का जिम्मेदार ससुराल परिवार होगा। इससे 15 मिनट पहले ही गुरचरण सो गए थे।