मुरादाबाद से तस्करी कर मवेशियों को नेपाल ले जाने के दौरान एक ट्रक शनिवार रात क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में लादे गए 17 मवेशियों की मौत हो गई। दो घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक व अन्य लोग भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके कागजात के आधार पर छानबीन कर रही है।
भारत से मवेशियों की तस्करी नेपाल को जाती है। बकरीद के मद्देनजर मवेशियों की तस्करी बढ़ी है। शनिवार रात मवेशियों से लदा एक ट्रक नानपारा होते हुए नेपाल की ओर ले जाया जा रहा था। चालक मुख्य मार्ग से भटक कर चालक अपना ट्रक लेकर लखैया कला-बगनीबोझी मार्ग जा पहुंचा।
कच्चे व ऊबड़-खाबड़ मार्ग पर मवेशियों से भरा ट्रक लखैया कला के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। गांव के लोगों ने ट्रक पलटने की आवाज सुनी तो भोर में तीन बजे के करीब मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने से पहले ट्रक चालक व अन्य लोग फरार हो गए। ट्रक में भरे अधिकांश मवेशियों की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा व अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। उन्होंने ट्रक को क्रेन से सीधा करवाया। सीओ अजय भदौरिया ने बताया कि ट्रक में 19 मवेशी थे। उनमें 17 की दुर्घटना के बाद मौके पर मौत हो गई। दो मवेशी घायल हैं। यह सभी गोवंश हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (यूपी21एएन-0514) की तलाशी लेने पर कागजात मिले।
उनमें पता चला कि ट्रक मुरादाबाद के इकबाल नामक व्यक्ति के नाम है। उससे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि मवेशियों को तस्करी कर नेपाल ले जाया जा रहा था।