जालंधर। गायक गुरदास मान पर सिख गुरु को लेकर की गई टिप्पणी के बाद वीरवार को नकोदर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी। गुरदास मान पर दर्ज हुई इस एफआईआर के बाद सोशल मीडिया पर गुरदास मान के समर्थकों और आलोचकों के बीच तनातनी का दौर शुरू हो गया है।
इस बढ़ती तनातनी को देखते हुए डेरा बाबा मुराद शाह ट्रस्ट को एक बयान जारी करना पड़ गया है। ट्रस्ट ने एक वीडियो जारी करके लोगों से इस मामले को तूल न देने की अपील की है। इस जारी संदेश में ट्रस्ट की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि वह इस मामले में नफरत न फैलाएं। ट्रस्ट की ओर से जारी वीडियो में कहा गया है कि इंटरनेट मीडिया पर गलत और नफरत से भरी पोस्ट डाली जा रही हैं, लेकिन सभी से अपील है कि उन पर विश्वास न किया जाए।
ट्रस्ट का कहना है कि उनकी तरफ से किसी तरह का इकट्ठ करने की अपील नहीं की गई है। इस मामले में जो लोग अफवाह पैदा करके नफरत फैला रहे हैं, वह अपने स्वार्थ साध रहे हैं। कुछ लोग खुद को साईंजी का भगत बताकर इंटरनेट मीडिया पर गलत अफवाह फैला रहे हैं, उनका दरबार के साथ कोई संबंध नहीं है। ट्रस्ट का कहना है कि साईं जी ने हमेशा आपस में प्यार और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया है। ट्रस्ट सभी से अपील करता है कि गलत जानकारी सांझा करके समाज के भाईचारों को तोड़ने की कोशिश न की जाए।