फैक्टरी के मालिक संदीप ने बताया कि हादसा रात उस समय हुआ जब भट्ठी पर मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक ही भट्ठी में उबाल आ गया और पिघलता हुआ लोहा मजदूरों पर आ गिरा।
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में नेशनल हाईवे सर्विस रोड पर खन्ना साइड पंजाब फोर्जिंग एंड एग्रो इंडस्ट्री में गुरुवार रात करीब 12:30 बजे धमाका हो गया। इससे भट्ठी पर काम कर रहे करीब 12 मजदूर बुरी तरह झुलस गए। इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
फैक्टरी के मालिक संदीप ने बताया कि हादसा रात उस समय हुआ जब भट्ठी पर मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक ही भट्ठी में उबाल आ गया और पिघलता हुआ लोहा मजदूरों पर आ गिरा। सूचना मिलने पर तुरंत उन्होंने सभी मजदूरों को प्राथमिक उपचार देने के बाद लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं हादसा होने के बाद सारा मलबा भट्ठी से निकल कर बाहर आ गया और क्रेन भी टूट गई।
घटनास्थल पर पहुंचे फतेहगढ़ साहिब के एसपी (आई) जगजीत सिंह जल्ला, मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस थाना के एसएचओ प्रेम सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फतेहगढ़ साहिब के एसपी (आई) जगजीत सिंह जल्ला ने कहा कि कहां लापरवाही हुई है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के साथ तकनीकी टीम को भी मौके पर भेजा गया है। घायलों के बयान लेने भी एक टीम डीएमसी गई है। जिसका भी कसूर होगा उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।