जैतो का एएसआई रिश्वत लेते काबू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जैतो के आम आदमी पार्टी के विधायक अमोलक सिंह ने शनिवार को थाना जैतो में तैनात एक एएसआई काहन सिंह को तीन हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। एएसआई ने यह रकम सड़क हादसे से सम्बंधित एक केस में बस की जमानत करने के नाम पर मांगी थी।
मामला ध्यान में आने के बाद विधायक ने पांच-पांच सौ के छह नोटों के नंबर नोट करके शिकायतकर्ता को सौंपे और जैसे ही एएसआई ने शिकायतकर्ता से यह रुपये लेकर जेब में डाले तो विधायक की तरफ थाने में पहुंच कर एएसआई की जेब से रुपये बरामद किए गए। इस मामले में विधायक ने एसएसपी फरीदकोट अनवीत कौर सिद्धू को एएसआई के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
जानकारी के अनुसार गांव रोड़ीकपूरा के रहने वाले मिनी बस मालिक गुरजंट सिंह के सड़क हादसे से जुड़े एक केस में मदद करने के नाम पर थाना जैतो के एएसआई काहन सिंह ने छह हजार की रिश्वत मांगी थी। इसमें से वह तीन हजार का भुगतान हासिल कर चुका है और बाकी की तीन हजार की रकम के लिए उसे परेशान किया जा रहा था। इस बात से परेशान होकर गुरजंट सिंह ने आम आदमी पार्टी के विधायक अमोलक सिंह को पूरे मामले की जानकारी दी जिन्होंने गुरजंट सिंह को खुद रकम देकर थाने भेजा।
जैसे ही एएसआई काहन सिंह ने गुरजंट सिंह से पैसे लेकर जेब में डाले तो विधायक ने छापा मारकर रकम को उसकी जेब से बरामद कर लिया। इस मामले में विधायक ने कहा कि सरकार बनते ही उन्होंने थाना जैतो में पहुंच कर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को नसीहत देकर आह्वान किया था कि वह रिश्वत लेना बंद कर दें और अब ऐसे अधिकारियों को बख्शे जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने आरोपी एएसआई काहन सिंह के खिलाफ कार्यवाही के लिए एसएसपी को लिखित रूप से सिफारिश कर दी है।