बठिंडा के गांव मौड़ खुर्द में 21 जून को जमीन के विवाद में चचेरे भाई की हत्या करने के मुख्य आरोपी लाली मौड़ को उसके एक साथी और दो हथियारों के साथ सोमवार देर रात पुलिस के स्पेशल स्टाफ विंग ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने तलवंडी साबो अदालत में पेश किया और 10 जुलाई तक का पुलिस रिमांड हासिल किया।
स्पेशल विंग स्टाफ के प्रभारी एसआई तरजिंदर सिंह ने बताया कि गांव मौड़ खुर्द हत्याकांड के आरोपी लाली मौड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस काफी समय से प्रयास कर रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाली मौड़ अपने साथी लखविंदर सिंह के साथ रात को चोरी से अपने घर पर आता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार देर रात उस समय लाली मौड़ और उसके साथी लखविंदर सिंह को धर दबोचा जब वह दोनों पैदल ही सुनसान रास्ते से अपने घर की ओर जा रहे थे। आरोपियों के पास से 12 बोर राइफल एवं 32 बोर पिस्टल भी बरामद हुई है। ये हथियार मौड़ खुर्द कांड में प्रयोग किए गए थे।
कुछ माह पहले लाली मौड़ ने अपने साथियों के साथ मिलकर पैसे के लेन देन में तिनकोनी के पास लक्की नामक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। उक्त मामले के बाद लाली मौड़ भगौड़ा चल रहा था। 21 जून को आरोपी लाली ने अपने साथियों संग मिलकर गांव मौड़ खुर्द में जमीन के विवाद को लेकर अपने ही चचेरे भाई परमप्रीत सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।