सांसद हरसिमरत कौर बादल के फिरोजपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अकाली और कांग्रेसी आपस में भिड़ गए। यूथ कांग्रेस के सदस्य काले झंडे दिखाकर हरसिमरत कौर का विरोध कर रहे थे। कांग्रेसियों का कहना है कि सांसद सुखबीर बादल ने ढाई साल में फिरोजपुर के विकास के लिए अपने फंड में से कोई ग्रांट नहीं दी है और अब वोट बटोरने पहुंच गए हैं। वहीं किसान जत्थेबंदियों ने भी हरसिमरत कौर का घेराव किया और काले झंडे दिखाकर विरोध किया। किसान नेताओं का कहना है कि अकालियों का कहीं भी कार्यक्रम होगा, वहां विरोध किया जाएगा। इन्हीं के सहयोग से केंद्र सरकार ने कृषि कानून लागू किया है।
शहर के मक्खू गेट के पास जैसे ही हरसिमरत कौर की कार पहुंची, किसान जत्थेबंदियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। कार नहीं रुकने पर किसान काले झंडे लेकर कार के ऊपर चढ़ गए। वहीं, यूथ कांग्रेस के सदस्य नगर काउंसिल के प्रधान रिंकू ग्रोवर की अगुवाई में काले झंडे लेकर हरसिमरत का विरोध करने लगे। कांग्रेसियों के विरोध करने पर अकाली दल के सदस्य भी वहां एकत्रित हो गए। अकाली और कांग्रेसी आमने-सामने हो गए और आपस में भिड़ गए। पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत किया।
अकाली दल के नेताओं का कहना है कि आज हरसिमरत कौर का फिरोजपुर में कई जगहों पर कार्यक्रम था। कांग्रेसी उनके कार्यक्रम में बाधा डाल रहे हैं। कांग्रेसियों की इस हरकत को सहन नहीं किया जाएगा। उनका शांतिपूर्ण चुनाव प्रचार चल रहा है। जिसे कांग्रेसी भंग करने में तुले हुए हैं।