संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। गांव घुमन कलां में मंगलवार की रात बीएसएफ के रिटायर सब इंस्पेक्टर के घर पर बाइक सवार 3 अज्ञात युवकों ने पेट्रोल बम से हमला किया। पेट्रोल बम से किए गए इस हमले के कारण घर के आंगन में बुरी तरह से आग फैल गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
हमलावर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी देते हुए बीएसएफ के पूर्व सब इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि उनके घर शादी का कार्यक्रम है। उनके बच्चे कुछ समय पहले ही विदेश से गांव वापस लौटे हैं। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे जब वह सैर कर घर वापस आए तो घर के आंगन में एकदम से धमाका हुआ। इसके बाद आंगन में आग फैल गई, तभी पारिवारिक सदस्यों ने बड़ी मुश्किल से आग को बुझाया।
जब सीसीटीवी देखा गया तो पता चला कि एक युवक उनके घर पर पेट्रोल बम से हमला करता है। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, इसलिए इन हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
एसएचओ सिमरजीत कौर ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।