प्रेम-प्रसंग में बहन के घर छोड़कर चले जाने के बाद से भाई ने उसे मारने की योजना तैयार कर ली थी। दोस्त से तमंचा खरीद लिया था। फिर शुक्रवार रात बहन को कमरे में अकेला देखकर भाई उसके पास पहुंचा और बहन की गर्दन में सटाकर गोली मार दी।
किशोरी दसवीं की छात्रा थी। छुर गांव में कलंजरी के गौरव की रिश्तेदारी थी। इसी दौरान गौरव की किशोरी से मुलाकात हो गई। करीब छह महीने से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 13 जून को गौरव और किशोरी गांव से फरार हो गए थे। परिजनों ने खुद ही किशोरी को मथुरा से बरामद किया, जबकि गौरव मौके से भाग गया था। तभी से किशोरी को मारने के लिए उसके भाई ने प्लानिंग बना ली थी और वह अपने एक दोस्त से तमंचा भी खरीदकर ले आया। परिजन किशोरी को समझाने में लगे हुए थे, इसके बावजूद वह मानने को तैयार नहीं थी। इसी वजह से उसका भाई और अधिक आक्रोशित हो गया। शुक्रवार रात किशोरी अपने कमरे में लेटी हुई थी तभी भाई वहां पर पहुंच गया। इससे पहले किशोरी शोर मचाती, तभी भाई ने उसकी गर्दन पर सटाकर तमंचे से गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।