प्रयागराज के जिलाधिकारी सुहास एल वाई की पत्नी और पीसीएस अफसर अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास मिसेज इंडिया ऑडिशन की प्रथम विजेता बनकर शहर का मान बढ़ाया है। लखनऊ में हुए ऑडिशन में 70 महिला प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऑडिशन में ऋतु प्रथम, नुपुर तिवारी द्वितीय, और निभा मिश्रा तीसरे स्थान पर रहीं। ऑडिशन के दौरान फिल्म अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल, टीवी कलाकार रश्मि देसाई, पारुल चौहान, कृष्णा मुखर्जी व निवेदिता बसु ने प्रतिभागियों से सवाल-जवाब किए। इस दौर में ऋतु ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम संयोजक आशीष राय और सिमरन कौर ने बताया कि मिसेज इंडिया ऑडिशन देश के 20 शहरों में आयोजित किया जाएगा। 27 जनवरी को नागपुर में अगला ऑडिशन होगा। ग्रैंड फिनाले मुंबई में आयोजित किया जाएगा। ग्रैंड फिनाले के लिए अभी तिथि नहीं घोषित की गई है।