पर्यटन सीजन शुरू होते ही ताजमहल का दीदार मुसीबत से भरा हो गया है। रविवार को ताज पर पहुंचे पर्यटकों को एक से दो घंटे तक लाइन में लगकर प्रवेश का इंतजार करना पड़ा। गेट पर धक्कामुक्की में कई महिलाएं व बच्चे दब गए। पर्यटकों में हाथापाई भी हुई। एएसआई के इंतजाम नाकाफी रहे। रविवार को 30,668 देसी-विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल का भ्रमण किया।
अक्तूबर से पर्यटन सीजन के साथ ही ताज पर पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। सप्ताहांत में शनिवार को 32 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचे थे। रविवार की सुबह से ही पर्यटकों की लाइनें पश्चिमी और पूर्वी गेटों पर लगी हुई थीं। दोपहर एक बजे के बाद दोनों गेटों पर प्रवेश करने वाली लाइनों पर दबाव बढ़ गया। पश्चिमी गेट पर मारामारी के हालात बने रहे।