मथुरा के थाना मांट क्षेत्र में ईदगाह रोड पर बंद कमरे में मिले महिला के शव के मामले में मृतका के पिता ने अपने दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सोमवार को कस्बा मांट मूला में बंद कमरे में महिला स्मृति का शव कमरे में चारपाई पर बिजली के तारों से बंधा हुआ मिला था। तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। शव क्षत-विक्षत हालत में था। घटना के बाद से महिला का पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
देर रात मृतका के पिता अरविंद कुमार निवासी फिरोजबाद ने थाना मांट में विपिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उसका दामाद आए दिन बेटी के साथ मारपीट करता था। वह दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी पहले दर्ज करा चुके थे, जिसमें विपिन चार माह की जेल भी काट आया था लेकिन बाद में उसकी बेटी नहीं मानी और उसके साथ रहने के लिए चली गई। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।