फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुशखबरी: शाकाहारी लोगों में इस गंभीर बीमारी से मौत का खतरा कम, हार्वर्ड के अध्ययन में दावा

Thu, 24 Jun 2021 04:10 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
शाकाहारी लोगों के लिए फायदे की खबर - फोटो : Social media
दुनियाभर में पिछले एक दशक में हृदय रोगों (सीवीडी) के मामले तेजी से बढ़े हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के मुताबिक हृदय रोग, विश्व स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। साल 2019 में सीवीडी से अनुमानित 17.9 मिलियन (1.79 करोड़) से ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई, जो कुल वैश्विक मौतों का करीब 32 फीसदी है। इनमें से 85 फीसदी मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण हुईं। यानी कि हार्ट अटैक और स्ट्रोक, स्वास्थ्य के लिए बड़े खतरे माने जा सकते हैं। हाल ही में हार्वर्ड ने एक अध्ययन में बताया है कि जो लोग पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का सेवन ज्यादा करते हैं, उन लोगों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा अन्य लोगों की तुलना में कम पाया गया है।
अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया कि पौधों पर आधारित आहार का सेवन करने वाले लोगों में स्ट्रोक का खतरा काफी कम देखा गया है। वहीं मांसाहार और पैक्ड खाद्य पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों को इस तरह का खतरा अधिक हो सकता है। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं कि आहार में किन चीजों को शामिल करके हृदय रोगों के कारण होने वाले मौत के खतरे को कम किया जा सकता है?
विज्ञापन

2 of 5
शाकाहारी लोगों में हृदय रोग का खतरा कम - फोटो : Pixabay
क्या कहता है अध्ययन?
हार्वर्ड टी. एच. चैन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के नेतृत्व में किए गए इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि पौधों पर आधारित स्वस्थ खाद्य पदार्थों यानी की शाकाहारी भोजन का सेवन करने वाले लोगों में स्ट्रोक का खतरा कम होता है। मेडिकल जर्नल न्यूरोलॉजी में प्रकाशित इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने हृदय रोगों से बचने के लिए शाकाहारी भोजन को ज्यादा बेहतर बताया है। 
विज्ञापन

3 of 5
पौधों पर आधारित भोजन का करें सेवन (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
पौधों पर आधारित स्वस्थ खाद्य 
विशेषज्ञों ने भोजन में पत्तेदार साग, साबुत अनाज और बीन्स जैसे खाद्य पदार्थों की अधिक जबकि रिफाइंड अनाज, आलू और ऐडेड शुगर जैसे खाद्य पदार्थों की कम मात्रा को पौधों पर आधारित स्वस्थ भोजन की श्रेणी में रखा है। विशेषज्ञों ने बताया है कि इस तरह के भोजन का सेवन करने वाले लोगों में स्ट्रोक का खतरा काफी कम हो सकता है। अध्ययन के दौरान जिन प्रतिभागियों ने बताया कि वह महीने में 0-1 बार मांस या मछली का सेवन करते हैं, उन्हें शाकाहारी के रूप में वर्गीकृत किया गया, बाकी अन्य सभी को मांसाहार की श्रेणी में रखा गया। शाकाहारी वर्ग वाले लोगों में हृदय रोगों का खतरा तुलनात्मक रूप से कम देखा गया। 

4 of 5
हृदय रोगों के बढ़ते मामले - फोटो : Pixabay
पोषण नीतियों में सुधार की जरूरत
डिपार्टमेंट ऑफ न्यूट्रीशियन में प्रोफेसर और अध्ययन के लेखकों में से एक मेगू बाडेन कहते हैं, अध्ययन के निष्कर्ष में महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य निहितार्थ हैं। इस अध्ययन के आधार पर हम कह सकते हैं कि लोगों में स्ट्रोक के जोखिम को कम करने के लिए भविष्य की पोषण नीतियों में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अध्ययन के निष्कर्ष में पाया गया कि जो लोग पौधों पर आधारित स्वस्थ खाद्य का सेवन ज्यादा करते हैं उनमें स्ट्रोक और हार्ट अटैक का जोखिम कम होता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
शाकाहारी भोजन का सेवन बचाए हृदय रोगों से - फोटो : Social Media
स्वास्थ्य और दीर्घायु रहने के लिए 2 फल-3 सब्जियों का सेवन
इससे पहले, मार्च 2021 में हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के पोषण विशेषज्ञ और चिकित्सा संकाय के सदस्य डोंग डी वांग ने स्वस्थ और दीर्घायु रहने के लिए सभी लोगों को आहार में फल और  सब्जियों को शामिल करने पर जोर दिया था। प्रो. डोंग डी कहते हैं, इस तरह का आहार कई तरह की क्रोनिक बीमारियों की रोकथाम में काफी फायदेमंद हो सकता है। सभी लोगों को दैनिक आहार में किन्हीं दो फल और तीन सब्जियों को जरूर शामिल करना चाहिए।

--------------
स्रोत और संदर्भ: 
Quality of Plant-Based Diet and Risk of Total, Ischemic, and Hemorrhagic Stroke

अस्वीकरण नोट: यह लेख मेडिकल जर्नल न्यूरोलॉजी में प्रकाशित अध्ययन के निष्कर्ष के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। बीमारी के बारे में विस्तार से जानने के लिए किसी डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें