बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार गुरुवार को कश्मीर पहुंचे। अक्षय उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में नियंत्रण रेखा के पास सुदूर तुलैल पहुंचे। इस दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों के साथ ही बीएसएफ के अधिकारी व जवान भी मौजूद रहे। अक्षय कुमार ने नीरू गांव में स्कूल भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने नीरू गांव में सेना और बीएसएफ के जवानों से बातचीत की। साथ ही वहां तैनात बीएसएफ यूनिट द्वारा आयोजित एक समारोह में स्थानीय लोगों के साथ डांस भी किया।
अभिनेता अक्षय कुमार को अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। हर कोई अक्षय कुमार के साथ सेल्फी लेने को बेताब था। अक्षय कुमार भी लोगों के बीच काफी प्रसन्न दिखे। अपनी इस यात्रा की तस्वीरों को ट्विटर पर शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा कि सीमाओं की रक्षा करने वाले बहादुर जवानों के साथ एक यादगार दिन बिताया।