कोरोना महामारी के दौरान लोगों की जान बचाने का स्वास्थ्य विभाग में जुनून है। नदी-नाले, पहाड़ियां, दुर्गम रास्ते तय कर विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर लोगों को टीका लगा रही है। सेना भी इस काम में मदद कर रही है। उसकी पेट्रोल टीम सुदूर इलाकों में जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक कर रही है। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच भी कर रही है। भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर जिलों में लोग टीकाकरण केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने तय किया कि वे खुद ही घर-घर जाकर लोगों को टीका लगाएंगे ताकि कोरोना को मात दिया जा सके। कोई भी बिना टीका लगाए न रह जाए। जम्मू संभाग के कठुआ, सांबा, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, रियासी, पुंछ, राजोरी तथा कश्मीर संभाग में बांदीपोरा, कुपवाड़ा, कुलगाम तथा शोपियां में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर टीकाकरण कर रही है। पुलवामा में तो स्वास्थ्य कर्मी तब्बसुम खेतों तक पहुंचीं। यहां धान की रोपाई कर रहे लोगों को टीका लगाया। अब तक अकेले तब्बसुम आठ हजार से अधिक लोगों को टीका लगा चुकी है।