राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव।
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड में 21 अप्रैल को इंडिया ब्लॉक की महारैली की तैयारियां चल रही हैं। इस बीच इस रैली में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के शामिल होने को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। झारखंड में राजद के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि अगर लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक रही, तो वे इस महारैली में हिस्सा लेंगे। झारखंड में पार्टी के महासचिव कैलाश यादव ने विपक्षी गठबंधन की बैठक के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि लालू के बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी रांची के प्रभात तारा मैदान में होने वाली 'उलगुलान (क्रांति) महारैली' में शामिल हो सकते हैं।
हेमंत सोरेन के आवास में इंडिया ब्लॉक बैठक
इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों झामुमो, कांग्रेस, राजद और सीपीआई(एमएल) ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर इस महारैली की रणनीति को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद झामुमो महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि हेमंत सोरेन के साथ हुए अन्याय को उजागर करने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हम उलगुलान महारैली का आयोजन कर रहे हैं। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री को 31 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था।
बैठक में मौजूद थे ये लोग
बैठक में मौजूद राजद महासचिव कैलाश यादव ने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का स्वास्थ्य अनुमति देगा तो वे भी इस महा रैली भाग ले सकते हैं। बैठक में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजद नेता सत्यानंद भोक्ता, सीपीआई (एमएल) विधायक विनोद सिंह और जेएमएम महासचिव विनोद पांडे मौजूद थे।
भाजपा पर साधा निशाना
झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बताया कि बैठक में इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों ने महारैली को लेकर रणनीति पर चर्चा की। इससे पहले 17 मार्च को मुंबई और 31 मार्च दिल्ली में मेगा रैलियों का आयोजन किया था। मीर ने यह भी बताया कि सीटों के बंटवारे की घोषणा एक या दो दिन में कर दी जाएगी। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए लोगों का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बार चुनाव में गैरजरूरी मुद्दों को लाती है।