मध्यप्रदेश में अब अविवाहित महिलाओं को भी पेंशन मिलेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में सामाजिक न्याय विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
योजना के तहत राज्य में 50 से 79 साल की अविवाहित महिलाओं को 300 रुपये और 80 साल से अधिक की अविवाहित महिलाओं को 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। पहले इस योजना का नाम अपरिणिता पेंशन योजना रखा गया था लेकिन मुख्यमंत्री के आपत्ति जताने के बाद इस नाम को बदल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्हें ही ये नाम समझ में नहीं आ रहा है तो जिन लोगों के लिए योजना को शुरू किया गया है, वह कैसे समझेंगे। उन्होंने अफसरों से इस नाम को बदलने के लिए कहा।
जिसके बाद इस योजना का नाम मुख्यमंत्री अविवाहिता महिला पेंशन योजना रखा गया। साथ ही मुख्यमंत्रियों ने अफसरों से कहा कि भविष्य में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करें जिन्हें आम लोगों को समझने में परेशानी हो।