मां से बात करने पर बेटे ने युवक पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
लार्डगंज थाना प्रभारी मधुर पटेरिया ने बताया कि गढ़ा फाटक क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय शैलेन्द्र रैकवार शुक्रवार रात 11.30 बजे अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर पट्टी में बैठा था। तभी अमन साहू उर्फ सीवी (23) आया और मां से बात करने पर आपत्ति व्यक्त करने हुए गाली-गलौज करने लगा। आक्रोशित युवक ने शैलेन्द्र रैकवार के सीने पर चाकू से वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक अपनी एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एस एस 1625 घटना स्थल पर छोड़कर भाग गया।
घायल युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश प्रारंभ कर दी है। पंचनामा कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने धारा 294, 302 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया है।