इंदौर में रेवती रेंज इलाके में रहने वाली महिला ने ऑटो रिक्शा में बच्चे को जन्म दिया है। समय पर इलाज मिलने से जच्चा-बच्चा दोनों की जान बच गई। दोनों सुरक्षित हैं। घटना सोमवार की है। महिला ऑटो रिक्शा में अस्पताल के लिए निकली थी, पर रास्ते में ही बच्चे का जन्म हो गया।
मरीमाता चौराहा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. साधना बांझल, डॉ. तृप्ति लखावट और डॉ. ग्रीष्मा मालवीय की सक्रियता से जच्चा-बच्चा को समय पर इलाज मिला। उन्होंने स्थिति को समझकर बच्चे की नाल काटी। उसे कृत्रिम श्वास देकर उसकी जान बचाई। महिला और बच्चे को बाद में नंदा नगर स्थित अस्पताल भेज दिया गया।
मरीमाता के कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय में सिर्फ ओपीडी में मरीजों का इलाज होता है। प्रसूता को यहां लाए तब वहां कोई गायनेकोलॉजिस्ट नहीं थी। वहां मौजूद महिला चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया और नंदानगर भेजा।