राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की प्रेसिडेंशियल ट्रेन रविवार सुबह चारबाग रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना होगी तथा शाम को वापस लौटेगी। इस दौरान करीब आठ घंटे इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बाधित रहेगा। स्टेशन पर यात्रियों के लिए मुख्य गेट बंद रहेगा। उनकी एंट्री पार्सल घर की ओर से होगी। प्रेसिडेंशियल ट्रेन एक रात पहले ही चारबाग आ जाएगी। यहां उसे कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति 29 अगस्त को सुबह नौ बजे राजभवन से चारबाग रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे। यहां प्रेसिडेंशियल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर एक से सुबह 9:10 बजे अयोध्या के लिए रवाना होगी। ट्रेन 2.20 घंटे में अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएगी। वहां राष्ट्रपति रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद अयोध्या स्टेशन से दोपहर 3:50 बजे प्रेसिडेंशियल ट्रेन चलेगी और शाम 6:10 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंच जाएगी। इस दौरान चारबाग रेलवे स्टेशन सुबह आठ से दोपहर 12 बजे और शाम 4 से आठ बजे तक बाधित रहेगा। ट्रेनों को बदले प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। प्रेसिडेंशियल ट्रेन के संचालन के दौरान अयोध्या से लखनऊ रूट के बजाय ट्रेनों को सुल्तानपुर के रास्ते चलाया जाएगा। जिन ट्रेनों का रास्ता या प्लेटफॉर्म बदला जाना है, उस पर शनिवार को अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि दून एक्सप्रेस, फैजाबाद एलटीटी सहित कई ट्रेनें बाधित होंगी।
पोर्टिको से नहीं मिलेगा प्रवेश
रविवार सुबह से ही चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। उन्हें पोर्टिको से प्रवेश नहीं मिलेगा। आरक्षण केंद्र वाली सड़क बंद रहेगी, जबकि लखनऊ जंक्शन की ओर से मेट्रो पुल के नीचे से होते हुए यात्री पार्सलघर तक पहुंचेंगे, जहां सुरक्षाबल द्वारा जांच के बाद उन्हें एंट्री मिलेगी। वे सब-वे से होते हुए सीधे प्लेटफॉर्म नंबर दो, तीन, चार, पांच, छह, सात पहुंचेंगे। निकासी आलमबाग गेट की ओर से होगी।
सेकेंड एंट्री वाले काउंटर जाना होगा
प्रेसिडेंशियल ट्रेन की रवानगी के दौरान सुरक्षा के लिहाज से चारबाग आरक्षण केंद्र को रविवार सुबह बंद कर दिया जाएगा। रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को सेकेंड एंट्री की ओर बने टिकट रिजर्वेशन काउंटर पर जाना होगा। वहां वे तत्काल व अन्य श्रेणियों में रिजर्वेशन करवा सकेंगे। प्रेसिडेंशियल ट्रेन के जाने के बाद केंद्र खोला जा सकता है।
त्रिस्तरीय जांच से गुजरेंगे यात्री
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जीआरपी, आरपीएफ के अलावा स्थानीय पुलिस चारबाग व अयोध्या रेलवे स्टेशन सहित पूरे रेलखंड पर तैनात रहेगी। स्टेशन आने वाले यात्रियों की त्रिस्तरीय जांच होगी। उनके मास्क, बैग आदि चेक होंगे। ट्रेन में भी आकस्मिक जांच की व्यवस्था की गई है।
एडवांस व बैकअप ट्रेन देगी साथ
प्रेसिडेंशियल ट्रेन की सुरक्षा के लिए उसके आगे एडवांस और पीछे बैकअप ट्रेन भी रूट पर चलेगी। इन ट्रेनों में राष्ट्रपति भवन के स्टाफ के अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी, रेलवे के इंजीनियर्स, मैकेनिक व अन्य आला अधिकारी रहेंगे। इन ट्रेनों में कुल आठ लोको पायलट व छह गार्ड रहेंगे।
प्रेसिडेंशियल ट्रेन का शेड्यूल
प्रस्थान
- सुबह 9:10 बजे चारबाग स्टेशन से रवाना होगी
- सुबह 11:30 बजे अयोध्या रेलवे स्टेशन पहुंचेगी
आगमन
- दोपहर 3:50 बजे अयोध्या स्टेशन से प्रस्थान करेगी
- शाम 6:10 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी
फैक्ट
- सुबह 8 से 12 व शाम 4 से 5 बजे तक प्रभावित रहेंगी ट्रेनें
- 250 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी संभालेंगे मोर्चा, करेंगे रेलखंड की सुरक्षा
- 8 लोको पायलट व 4 गार्डों के हाथ में होगी ट्रेन की कमान
- 6 से ज्यादा ट्रेनों का संचालन होगा प्रभावित, बदले प्लेटफॉर्म पर आएंगी ट्रेनें
- 60 दिन बाद दूसरी बार राजधानी पहुंचेगी प्रेसिडेंशियल ट्रेन