संजय गांधी पीजीआई के रेजिडेंट डॉक्टर एक साथ 14 दिन की ड्यूटी करने के लिए राजी नहीं है। डॉक्टरों ने सात सात दिन की ड्यूटी रखने का रोस्टर तैयार करते हुए चिकित्सा शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा है। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से भेजे गए ज्ञापन में बताया गया है कि ब्रेकअप ड्यूटी होने से काम की गति बढ़ेगी।
प्रस्तावित ब्रेक ड्यूटी यानी सात-सात दिन ड्यूटी रोस्टर से दबाव नहीं पड़ेगा। एसोसिएशन ने ड्यूटी के लिए प्रस्तावित रोस्टर भी भेजा है। आरडीए के अध्यक्ष डॉ. आकाश माथुर, उपाध्यक्ष डॉ. श्रुति तथा जनरल सेक्रेटरी डॉ.अनिल गंगवार ने बताया कि सात दिन की ड्यूटी में ही जिस तरह पीपीई किट पहनकर थकान तथा ड्यूटी के दौरान शरीर में पानी की कमी का अनुभव करते हैं, उसके साथ सात दिन और ड्यूटी करना यातना जैसा होगा।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा कि इस वक्त मरीजों को समुचित इलाज मिलता रहे और डॉक्टरों को किसी तरह की दिक्कत न हो इस पर वैकल्पिक तौर-तरीकों को अपनाया जाना जरूरी है।