कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी दो दिवसीय दौरे पर रविवार को अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र आएंगी। वह 13 सितंबर तक यहां रुकेंगी। इस दौरान जिला-शहर एवं फ्रंटल संगठनों के साथ वरिष्ठ कांग्रेसियों और आम कार्यकर्ताओं व नागरिकों से भी मुलाकात करेंगी।
उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसको लेकर शुक्रवार को भुएमऊ में कांग्रेसियों की बैठक हुई, जिसमें प्रियंका गांधी के आगमन की तैयारियों और उनके सामने रखे जाने वाले मुद्दों को लेकर चर्चा की गई।
भुएमऊ गेस्ट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी, सभी न्याय पंचायत, ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष और नगर पंचायत के पदाधिकारियों की बैठक में सांसद सोनिया गांधी के प्रतिनिधि केएल शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी 12 और 13 सितंबर को रहेंगी। इस दौरान वह विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा कि सांसद चाहती हैं कि आप सब लोग गांव-गांव जाकर आमजनों की समस्याओं को सुनें और निस्तारण करने के साथ संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें।
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता विनय द्विवेदी ने बताया कि चुरुवा बार्डर से भुएमऊ तक प्रियंका गांधी का स्वागत किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, सईदुल हसन, पूर्व विधायक अशोक सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला, साहब शरण पासवान, नौशाद हुसैन खतीब, महेश प्रसाद शर्मा, छेदीलाल पासी आदि मौजूद रहे।