लखनऊ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को लखनऊ आ रहे हैं। यहां दो दिन विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद वह 29 अगस्त को प्रेसिडेंशियल एक्सप्रेस से चारबाग स्टेशन से अयोध्या जाएंगे। इस दौरान करीब आधा दर्जन ट्रेनें डायवर्ट रहेंगी तथा स्टेशन पर ट्रेनों को बदले हुए प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनों को 29 अगस्त को अयोध्या से लखनऊ रूट के बजाय सुल्तानपुर के रास्ते चलाया जाएगा। साथ ही चारबाग रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को पार्सलघर की ओर से एंट्री दी जाएगी, जहां से वह सीधे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की लखनऊ से अयोध्या यात्रा को लेकर ट्रेनों को 29 अगस्त को बदले रूट से चलाने का खाका तैयार कर लिया गया है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय डीआरएम स्तर पर 28 अगस्त को होगा। अधिकारी बताते हैं कि राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल ट्रेन जब लखनऊ से अयोध्या के बीच रफ्तार भरेगी तो इस दौरान हावड़ा-जम्मूतवी एक्सप्रेस, अयोध्या फैजाबाद, हावड़ा अमृतसर, फैजाबाद एलटीटी सहित करीब आठ ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे। वहीं प्रेसिडेंशियल एक्सप्रेस की रवानगी व वापसी के दौरान चारबाग स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों को बदले प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। 28 अगस्त को दिल्ली से प्रेसिडेंशियल लखनऊ पहुंचेगी। ट्रेन की टेक्निकल जांच रेलवे की टीम करेगी। इसके बाद 29 अगस्त की सुबह राष्ट्रपति इसी ट्रेन से अयोध्या रवाना होंगे। वहीं रेलवे अधिकारियों ने चारबाग रेलवे स्टेशन व लखनऊ से अयोध्या रूट पर सुरक्षा को जो चरणों में परखा।
मेन गेट रहेगा बंद, पार्सल से होगी एंट्री
राष्ट्रपति के चारबाग से अयोध्या जाने के दौरान चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन मेन गेट से बंद रहेगा। 29 अगस्त की सुबह और शाम दो-दो घंटे के लिए यात्रियों को पार्सल घर से एंट्री मिलेगी। जहां से वह सीधे प्लेटफार्म नंबर दो से सात तक जा सकेंगे। वहीं उनकी निकासी सेकेंड एंट्री की तरफ से होगी। प्लेटफार्म नंबर एक पर आने वाली ट्रेनों को प्लेटफार्म दो, तीन व चार पर शिफ्ट किया जाएगा।
काफिले में होंगी 94 लग्जरी गाड़ियां
राष्ट्रपति के आगमन पर जो काफिला रहेगा, उसमें 94 लग्जरी गाड़ियां होंगी। गृह विभाग ने इन गाड़ियों की सूची परिवहन विभाग से मांगी है। बुधवार को विभाग ने इन गाड़ियों की फिटनेस जांच करवाई गई है। गुरुवार सुबह वाहनों का आवंटन होगा। संबंधित विभाग के नोडल अफसर वाहन पर रहेंगे।
मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर
राष्ट्रपति 27 अगस्त को यूपी सैनिक स्कूल जाएंगे। यहां सैनिक स्कूल के एकेडमिक सफर पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन करेंगे और स्कूल की हीरक जयंती वर्ष पर आधारित पोस्टल स्टांप का विमोचन करेंगे। राष्ट्रपति इस स्कूल के एक हजार की क्षमता वाले आधुनिक प्रेक्षागृह का लोकार्पण करने के साथ बालिकाओं के लिए छात्रावास के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे।