भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व अन्य।
- फोटो : amar ujala
आगरा की समाजसेवी डॉ. बीना लवानियां समेत सपा, बसपा और कांग्रेस के पूर्व नेताओं ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ.लवानिया और नेताओं को पटका और माला पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। उधर, प्रयागराज से भाजपा की सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी का मकान जलाने के आरोपी बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह बबलू को भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मोदी-योगी सरकार की नीतियों व केंद्र व प्रदेश सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता और समाजसेवक पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सदस्यों के आने से पार्टी मजबूत होगी।
अयोध्या के जितेंद्र कुमार सिंह बबलू, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासचिव आजमगढ़ के पंकज मोहन सोनकर, गाजियाबाद के बसपा के पूर्व को-ऑर्डिनेटर मनोज शर्मा, बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रायबरेली के प्रवेश सिंह और सेवानिवृत्त एयर कोमोडोर श्याम शंकर तिवारी को भी भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक, अवध क्षेत्र अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, सांसद विजय दुबे, विधान परिषद सदस्य जयवीर सिंह ठाकुर और विधायक सुशील सिंह मौजूद थे।
डॉ. बीना लवानियां ने कोरोना काल में सेवा कार्य किए
डॉ. बीना लवानियां ने कोरोना काल के दौरान आगरा में मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कोविड के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के साथ लोगों को मास्क, सैनिटाइजर वितरित कराए। अस्पतालों में आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने, दस आक्सीजन कंटेनर उपलब्ध कराने और टीकाकरण के लिए भी अभियान चलाया। डॉ. लवानियां सामाजिक मुद्दों और महिला सुरक्षा व सम्मान से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय रहती है।
रीता बहुगुणा का मकान जलाने के आरोपी है जितेंद्र सिंह
17 जुलाई 2009 को प्रदेश कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के सरोजनी नायडू मार्ग हुसैनगंज स्थित आवास में आग लगाई गई थी। इसमें बसपा के तत्कालीन विधायक जितेंद्र सिंह बबलू और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री इंतिजार आब्दी सहित कई लोगों के नाम मुकदमा दर्ज किया गया था। डॉ. जोशी इस समय प्रयागराज से भाजपा सांसद हैं। उनका मकान जलाने के आरोपी को पार्टी में शामिल करने का मामला तूल पकड़ गया है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी बबलू को पार्टी में शामिल करने का प्रयास किया गया था। लेकिन उच्च स्तर पर विरोध के जलते ज्वाइनिंग नहीं हो सकी थी।