मां ने कहा-बेटी की कनपटी पर लगी गोली लगी थी...वह जमीन पर तड़प रही थी
पुलिस के मुताबिक संगीता का कहना है कि वह कमरे में पहुंचीं तो देखा कि बेटी की दायीं कनपटी पर गोली लगी है। गोली आर-पार हो गई थी। वह खून से लथपथ जमीन पर तड़प रही थी। पति की सर्विस पिस्टल पास में पड़ी थी। सूचना पाकर वेद प्रकाश सिंह घर पहुंचे और बेटी को एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर ले जाने की सलाह दी। दोपहर 2.50 बजे सृष्टि को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पूछताछ में खुदकुशी की जानकारी दी
स्थानीय पुलिस को काफी देर तक घटना की भनक ही नहीं लगी। साढ़े तीन बजे के आसपास पुलिस वेद प्रकाश के घर पहुंची और मौके पर पड़ी सर्विस पिस्टल व एक बुलेट कब्जे में ले ली। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। शुरुआती पूछताछ में वेद प्रकाश ने बोर्ड की परीक्षा होने और पढ़ाई में ध्यान न लगाने पर डांटने के चलते खुदकुशी की जानकारी दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही साफ होगा गोली लगी या नहीं
संदिग्ध हालात में हुई मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सामने आएगी। देर शाम सृष्टि के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। हालांकि अभी रिपोर्ट नहीं आई। सूत्रों के मुताबिक सृष्टि के माथे पर दो घाव हैं। ये गोली के हैं या कि नहीं यह अभी साफ नहीं हुआ। इंस्पेक्टर धीरज शुक्ल का कहना है कि कमरे से सर्विस पिस्टल और खोखा मिला है। सृष्टि को गोली लगी है या नहीं, इस बारे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।