मामले की जांच करने पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
पीजीआई थाना क्षेत्र के सैनिक नगर तेलीबाग में शनिवार देर रात एक सैन्य कर्मी के घर में गेट फांदकर घुसे बदमाशों ने उनकी पत्नी और बच्चों को स्प्रे डालकर बेहोश करके लूटपाट की। पीड़ित परिवार ने करीब 11 लाख रुपए के गहने, नकदी व अन्य सामान लूटे जाने की बात कही है। सूचना पर रविवार सुबह पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना करके रिपोर्ट दर्ज की है।
पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग इलाके के सैनिक नगर की गली नंबर 12 निवासी अरविंद तिवारी सेना नायक है। इन दिनों उनकी तैनाती पंजाब के भटिंडा में है। यहां उनकी पत्नी अनीता तिवारी 10 वर्षीय जुड़वा बच्चे अंशु और तान्या के साथ रहती हैं। जबकि मकान की ऊपरी मंजिल पर अनीता की देवरानी व उनके बच्चे रहते हैं।
अनीता के मुताबिक शनिवार रात करीब 2:00 बजे गेट फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने उन्हें और बच्चों को दबोच लिया फिर तीनों के चेहरे पर कोई स्प्रे किया। इससे अनीता और दोनों बच्चे बेहोश हो गए तो बदमाश घर में लूटपाट करके भाग गए। कुछ घंटों बात बच्चों को होश आया तो मां के हाथ पैर बंधे देख वह घबरा गए तुरंत पिता को वीडियो कॉल की। उस वक्त अरविंद ट्रेन से लखनऊ ही आ रहे थे।
वीडियो कॉल पर पत्नी को बंधा देख वह घबरा गए और बच्चों से उन्हें किसी भी तरह खोलने को कहा। इसके साथ ही कुछ परिचितों को फोन करके जानकारी दी। सूचना पर पीजीआई इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और अनीता व बच्चों से पूरे मामले की जानकारी ली।
अनीता ने बताया कि उन्हें इतना ही याद है कि अचानक कमरे में घुसे बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और स्प्रे करने के बाद बांध दिया। अनीता ने पुलिस को घर में डकैती की तहरीर दी है। इसमें करीब 11 लाख रुपए कीमत के गहने, 20 हजार की नकदी व अन्य सामान लूटे जाने की बात कही है। हालांकि, पुलिस ने मामला चोरी का बताया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन की जा रही है।