चिनहट के मल्हौर क्षेत्र में एक ममेरे भाई ने रिश्ते को शर्मसार कर दिया।
वह इलाज के बहाने अपनी ममेरी बहन को घर लाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।
डरी-सहमी पीड़िता ने छिपकर माता-पिता को फोन किया और आपबीती सुनाई। शुक्रवार को राजधानी पहुंचे पिता ने चिनहट कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चिनहट का मल्हौर कस्बा निवासी राहुल गुप्ता (20) गाजीपुर इलाके के एक कॉलसेंटर में काम करता है। उन्नाव में उसका ननिहाल है।
राहुल के मामा की 15 वर्षीय बेटी साक्षी (काल्पनिक नाम) नौवीं की छात्रा है। उसकी तबीयत खराब चल रही थी। साक्षी के पिता ने राहुल को फोनकर इसकी जानकारी दी, जिस पर राहुल ने लखनऊ में इलाज कराने का सुझाव देते हुए सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
बीते 12 सितंबर को मामा से बात करने के बाद राहुल उन्नाव गया और इलाज कराने के बहाने साक्षी को घर ले आया। पुलिस के मुताबिक, घर लाने के बाद राहुल ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
साक्षी ने पहले तो उसकी हरकतों को नजरअंदाज किया फिर विरोध करने लगी। 15 सितंबर को राहुल के घरवाले काम से बाहर गए थे। इसी रात राहुल ने साक्षी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसे मुंह बंद रखने की हिदायत दी।
डरी-सहमी साक्षी ने छिपकर अपने माता-पिता को फोन कर आपबीती सुनाई। शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे पिता ने चिनहट कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी राहुल को दबोच लिया।
पुलिस ने दोपहर में राहुल को कोर्ट में पेश किया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।