लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बुधवार सुबह एक प्रतिबंधित पशु को काटने पर जमकर हंगामा हुआ। त्रिवेणी नगर 3 की शिवलोक कॉलोनी में रहने वाले सत्यनारायण की गाय मंगलवार रात चोरी कर ली गई, जिसके कुछ अंग पास के ही एक खाली प्लॉट में पाए गए।
भदेवा के एक टेलीफोन एक्सचेंज में काम करने वाले सत्यनायण की पत्नी रात से ही परेशान थीं, लेकिन तमाम खोजबीन के बाद कुछ पता नहीं चला।
सुबह पास के ही कुछ लोगों ने प्लॉट में गाय के कुछ अंग देखे, तो मंजूलता को सूचना दी। पता चला कि रात में कुछ लोग गाय चोरी करके उसका मांस और चमड़ी निकाल ले गए। जैसे ही आस-पास के लोगों को इस घटना की जानकारी हुई, करीब 300 लोग वहां जमा हो गए।
एक महीने में चोरी हुईं 12 गाएं
जानकारी के मुताबिक, इसमें कुछ हिंदू दलों के लोग भी शामिल हो गए और जय श्री राम व प्रतिबंधित पशु को काटने के विरोध में नारे लगाने लगे।
हालात बिगड़ते देख पांच थानों की पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया गया। साथ ही पीएसी को भी वहां तैनात कर दिया गया।
कुछ देर बाद पहुंचे एएसपी, ट्रांसगोमती और एडीएम ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वे अपने-अपने काम पर लौटे।
गौरतलब है कि इस इलाके में पिछले करीब महीनेभर में 10-12 गाएं चोरी हुई हैं। यहां चार-पांच अवैध बूचड़खाने भी चलते हैं। स्थानीय लोगों को शक है कि गाय का मांस और चमड़ी निकालने की करतूत उन्हीं लोगों की है।