मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में स्थापित किए गए इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) को 24×7 एक्टिव रखा जाए। आइसीसीसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों का पैनल मौजूद रहे। आईसीसीसी हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि लोग किसी जरूरत पर तत्काल वहां संपर्क कर सकें। सीएम हेल्पलाइन से लोगों से संवाद जारी रखें।
कोरोना की रोकथाम के उद्देश्य से जारी विशेष सर्विलांस अभियान के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। इसे और प्रभावी बनाया जाए। निगरानी समितियां, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की टीम घर पर जाए तो सभी सदस्यों के स्वास्थ्य का हाल-चाल लें। कोई भी निःशुल्क मेडिकल किट से वंचित न रहे। दिव्यांग, निराश्रित और वृद्धजनों को घर बैठे चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जाए। टीकाकरण से वंचित लोगों को चिन्हित कर तत्काल उन्हें टीकाकवर दिया जाए।