मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के सभी सरकारी, अर्धसरकारी, संविदा, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के अक्टूबर माह का वेतन और मानदेय प्रत्येक दशा में 01 नवंबर तक भुगतान कर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सब्जी, खाद्य तेल, दाल आदि के मूल्य में अनापेक्षित बढ़ोतरी देखी जा रही है। जमाखोरी व कालाबाजारी इसका एक बड़ा कारक है। सघन अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिन्हित कर कठोरतम कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, आमजन को राहत पहुंचाने के लिए अन्य उपायों पर भी गम्भीरता से विचार किया जाए।
त्योहारों के दृष्टिगत अराजक तत्वों की सक्रियता बढ़ सकती है। बीते एक-दो दिनों में कुछ क्षेत्रों में लूट की घटनाएं भी घटित हुई हैं। ऐसे में पुलिस को अतिरिक सतर्कता बरतने की जरूरत हैं। शहरों में ट्रैफिक जाम की स्थिति न हो, इसके लिए फुट पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए। पुलिस बल सतत गश्त जारी रखे।
उन्होंने निर्देश दिया कि डेंगू, कॉलरा, डायरिया मलेरिया सहित वायरल से प्रभावित जनपदों में विशेष सतर्कता बरती जाए। अस्वस्थ लोगों के उपचार के लिए सभी अस्पतालों में प्रबंध किए गए हैं। सर्विलांस को बेहतर करते हुए हर एक मरीज के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जाए। बचाव के लिए व्यापक स्वच्छता, सैनिटाइज़ेशन और फॉगिंग का कार्य सतत जारी रखें। निगरानी समितियों को एक्टिव करने की जरूरत है। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा स्वयं एक बार केजीएमयू लखनऊ के स्थलीय निरीक्षण करें।