'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- चुनाव, जिसका अर्थ है- चुनने की क्रिया या भाव, किसी कार्य के लिए किसी व्यक्ति को चुनना, निर्वाचन। प्रस्तुत है भारत भूषण की रचना- जिस दिन भी बिछड़ गया प्यारे
जिस दिन भी बिछड गया प्यारे
ढूँढ़ते फिरोगे लाखों में।
फिर कौन सामने बैठेगा
बंगाली भावुकता पहने,
दूरों-दूरों से लाएगा
केशों को गंधों के गहने।
यह देह अजंता शैली-सी
किसके गीतों में सँवरेगी।
किसकी रातें महकाएँगी
जीने के मोड़ों की छुअनें।
फिर चाँद उछालेगा पानी
किसकी समुंदरी आँखों में।
विज्ञापन
दो दिन में ही बोझिल होगा
मन का लोहा, तन का सोना।
फैली बाँहों-सा दीखेगा
सूनेपन में कोना-कोना।
अपनी रुचि-रंगों के चुनाव
किसके कपड़ों में टाँकोगे।
अखरेगा किसकी बातों में
पूरी दिनचर्या ठप होना।
दरकेगी सरोवरी छाती
धूलिया जेठ-बैसाखों में।
ये गुँथे-गुँथे बतियाते पल
कल तक गूँगे हो जाएँगे,
होंठों से उड़ते भ्रमर-गीत
सूरज ढलते सो जाएँगे।
जितना उड़ती है आयु-परी
इकलापन बढ़ता जाता है।
सारा जीवन निर्धन करके
ये पारस पल खो जाएँगे।
गोरा मुख लिए खड़े रहना
खिड़की की स्याह सलाखों में।