विज्ञापन

आज का शब्द: अर्णव और रामनरेश त्रिपाठी की कविता- स्वदेश गौरव

काव्य डेस्क

Aaj Ka Shabd
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  'हिंदी हैं हम' शब्द शृंखला में आज का शब्द है- अर्णव, जिसका अर्थ है- समुद्र, सूर्य। प्रस्तुत है रामनरेश त्रिपाठी की कविता- स्वदेश गौरव 

(1) 

अतुलनीय जिनके प्रताप का 
साक्षी है प्रत्यक्ष दिवाकर 
घूम-घूमकर देख चुका है 
जिनकी निर्मल कीर्ति निशाकर 
देख चुके है जिनका वैभव 
ये नभ के अनंत तारागण 
अगणित बार सुन चुका है नभ 
जिनकी विजय-घोष रण-गर्जन। 

(2) 

शोभित है सर्वोच्च मुकुट से 
जिनके दिव्य देश का मस्तक 
गूँज रही हैं सकल दिशाएँ 
जिनके जयगीतों से अब तक 
जिनकी महिमा का है अविरल 
साक्षी सत्य-रूप हिम गिरिवर 
उतरा करते थे विमानदल 
जिनके विस्तृत वक्षस्थल पर। 

(3) 

सागर निज छाती पर जिनके 
अगणित अर्णव-पोत उठाकर 
पहुँचाया करता था प्रमुदित 
भूमंडल के सकल तटों पर 
नदियाँ जिनकी यश-धारा-सी 
बहती हैं अब भी निशि-वासर 
ढूँढ़ों उनके चरण-चिह्न भी 
पाओगे तुम इनके तट पर। 
विज्ञापन

(4) 

हे युवकों! तुम उन्हीं पूर्वजों 
के वंशज, उनके ही प्रतिनिधि 
तुम्हीं मान-रक्षक हो उनके 
कीर्ति-तरंगिणियों के वारिधि 
रवि, शशि, उडुगण, गगन दिशाएँ, 
हैं गिरि नदी, मेदिनी जब तक 
निज पैतृक धन स्वतंत्रता को 
क्या तुम तज सकते हो तब तक? 

(5) 

विषुवत-रेखा का वासी जो 
जीता है नित हाँफ-हाँफ कर 
रखता है अनुराग अलौकिक 
वह भी अपनी मातृभूमि पर 
ध्रुव-वासी जो हिम में तम में 
जी लेता है काँप-काँप कर 
वह भी अपनी मातृभूमि पर 
कर देता है प्राण निछावर। 

(6) 

तुम तो हे प्रिय बंधु! स्वर्ग से 
सुखद, सकल विभवों के आकर 
धरा-शिरोमणि मातृभूमि में 
धन्य हुए हो जीवन पाकर 
तुम जिसका जल-अन्न ग्रहण कर 
बड़े हुए लेकर जिसका रज 
तन रहते कैसे तज दोगे? 
उसको हे वीरों के वंशज! 

(7) 

पर-पद-दलित, पर-मुखापेक्षी, 
पराधीन, परतंत्र, पराजित 
होकर कहीं आर्य जीते हैं? 
पामर, पशु-सम पतित, पराजित 
तुम्हीं देश के आशा-स्थल हो 
तुम्हीं शक्ति संपदा तुम्हीं सुख 
जर्जर होकर भी जीवित है 
देश तुम्हारा देख-देख मुख। 
2 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Prasoon Saxena

975 कविताएं

View Profile