विज्ञापन

Hindi Kavita: सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की कविता 'कितना अच्छा होता है'

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                                                                        
                            
कितना अच्छा होता है 

एक-दूसरे को बिना जाने
पास-पास होना
और उस संगीत को सुनना
जो धमनियों में बजता है,
उन रंगों में नहा जाना
जो बहुत गहरे चढ़ते-उतरते हैं।

शब्दों की खोज शुरु होते ही
हम एक-दूसरे को खोने लगते हैं
और उनके पकड़ में आते ही
एक-दूसरे के हाथों से
मछली की तरह फिसल जाते हैं।

हर जानकारी में बहुत गहरे
ऊब का एक पतला धागा छिपा होता है,
कुछ भी ठीक से जान लेना
खुद से दुश्मनी ठान लेना है।

कितना अच्छा होता है
एक-दूसरे के पास बैठ खुद को टटोलना,
और अपने ही भीतर
दूसरे को पा लेना।

3 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all