विज्ञापन

केदारनाथ सिंह: मैं जब हवा की तरह दृश्यों के बीच से गुजरता हुआ अकेला होता हूँ

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                                                                        
                            मैं
        
                                                    
                            
जब हवा की तरह
दृश्यों के बीच से गुजरता हुआ
अकेला होता हूँ
तो क्षण भर के लिए
मुझे कहीं भी देखा जा सकता है
किसी भी दिशा में
किसी भी मोड़ पर
किसी भी भाषा के अज्ञात
शब्द-कोश में
पर मैं जब कहीं नहीं होता
सिर्फ़ कहीं होने की लगातार कोशिश में
सामने की भीड़ को
दूर से पहचानता हुआ
हवा के आर-पार
एक प्रश्न उछालता हूँ
और हँसता हूँ
तो न जाने क्यों
मुझे लगता है
कि गूंजहीन शब्दों के इस घने अंधकार में
मैं -
अर्थ परिवर्तन की
एक अबूझ प्रक्रिया हूँ
जिसके भीतर
ये लोग
झाड़ियाँ
बत्तखें और भविष्य
हर चीज़ एक-दूसरे में
घुली-मिली है
जड़ें रोशनी में हैं
रोशनी गंध में,
गन्ध विचारों में
विचार स्मृतियों में,
स्मृतियाँ रंगों में...

और मैं चुपचाप
इस संपूर्ण व्यतिक्रम को
भीतर संभाले हुए
चलते-चलते
झुककर
रास्ते की धूल से
एक शब्द उठाता हूँ
और पाता हूँ कि अरे
गुलाब! 
 
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।   
एक वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11180 कविताएं

View Profile

Dr fouzia

6984 कविताएं

View Profile