फिल्म चाइना गेट के विलेन जगीरा और गंगाजल के बच्चा यादव का किरदार निभाने वाले अभिनेता मुकेश तिवारी इंदौर के लिट-चौक उत्सव में शामिल होने आए। उन्होंने अमर उजाला से विशेष चर्चा की। मुकेश ने फिल्म,राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर बातें की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की लोकेशन फिल्मकारों को पसंद आने लगी है। यहां के कलाकारों को भी काम मिलने लगा है।
उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान गांवों व छोटे शहरों में बसा है। कथाओं की बात करें तो वह छोटे शहरों से ही उपजती है। हमारे देश की संस्कृति गांवों में है। वहां के किस्से कहानियां उठकर सिनेमा में आते हैं। इसी तरह का सिनेमा हिन्दुस्तान का प्रतिनिधित्व करता है। मध्य प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग ज्यादा होने के सवाल पर वे बोले कि मध्य प्रदेश की जनता बहुत मददगार है। शूटिंग के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि व्यावधान न हो। यहां के लोग शांति से शूटिंग देखते हैं। कई वेब सीरिज की शूटिंग मध्य प्रदेश में हो रही है। इंदौर, भोपाल, महेश्वर, भेड़ाघाट की लोकेशन फिल्मों के लायक है। यहां शूटिंग होने से होटल या ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री को तो रोजगार मिल रहा है। प्रदेश के नए कलाकारों को भी मौका दिया जा रहा है। जब उनसे पूछा गया कि ओटीटी प्लेटफाॅर्म नए कलाकारों के लिए कितना मददगार साबित हो रहा है? तो उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में आने वाले नए लोगों के लिए ओटीटी प्लेटफाॅर्म बहुत मददगार रहा है। यह नए लोगों के लिए स्वर्णिम अवसर है। फिल्मों बायकॉट के मुद्दे पर वे बोले कि यह दर्शकों की बनाई इंडस्ट्री है। अपनी इंडस्ट्री से दर्शकों को दूर नहीं होना चाहिए।
जगीरा के किरदार के लिए 50 दिन तक नहीं नहाए मुकेश
फिल्म चाइनागेट के विलेन की भूमिका को जीवंत बनाने के लिए अभिनेता मुकेश तिवारी ने छह माह का समय लिया था। उन्होंने अपने बाल बढ़ाए और 50 दिन तक नहीं नहाए। उन्होंने कहा कि -‘इससे मुझे विलेन के खुंखार रोल को निभाने में मदद मिली, लेकिन मैं डियोड्रेंट नहीं लगाता था, इसलिए फिल्म के दूसरे कलाकारों को पता चल गया कि कोई कई दिनों से नहा नहीं रहा है।’ उन्होंने बताया कि गंगाजल फिल्म में उन्हें पहले दूसरा रोल दिया गया था। जिसे करने से उन्होने इनकार कर दिया था। बाद में उन्हें बच्चा यादव को किरदार दिया गया।
3 वर्ष पहले