आज के दौर में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) हर बातचीत का हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसे समझना अभी भी बहुतों के लिए आसान नहीं है। बहुत से लोग AI के बारे में सीखने की कोशिश इसलिए बीच में छोड़ देते हैं, क्योंकि तकनीकी किताबें पढ़ते-पढ़ते जटिल और उलझाने वाली हो जाती हैं।
हाल ही में मेरी नज़र एक ऐसी किताब पर पड़ी, जो आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस को समझाने का थोड़ा अलग और दिलचस्प तरीका अपनाती है। किताब का नाम है “जर्नी थ्रू ए आई लैंड” (Journey Through AI Land )।
यह किताब AI को किसी तकनीकी विषय की तरह नहीं, बल्कि एक यात्रा के रूप में पेश करती है। पाठक डेटा, मॉडल, प्रॉम्प्ट, टूल्स और AI एजेंट्स जैसे विषयों से ऐसे गुज़रते हैं, जैसे किसी रोड ट्रिप पर अलग-अलग पड़ाव आते हों। इस सफ़र में ‘किशी’ नाम का एक पात्र, जिज्ञासु साथी की तरह साथ चलता है। किताब पढ़ते हुए ऐसा लगता है जैसे कोई दोस्त समझा रहा हो।
नितिन पारीक द्वारा लिखी गई यह किताब हर उम्र और हर पृष्ठभूमि के पाठकों को ध्यान में रखकर लिखी गई है। यह 12 वर्ष से ऊपर के बच्चों के लिए भी उपयोगी है और उन पेशेवरों के लिए भी, जिनके पास वर्षों का अनुभव है। किताब का उद्देश्य तकनीकी बारीकियों में उलझाना नहीं, बल्कि AI की बुनियादी समझ तैयार करना है।
हाल ही में यह किताब नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड बुक फ़ेयर में प्रदर्शित की गई थी, जहाँ इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इसके पाठकों में छात्र, IT पेशेवर, सेना और सुरक्षा बलों से जुड़े लोग, डॉक्टर, पत्रकार और तकनीक में रुचि रखने वाले आम पाठक शामिल रहे। यह विविधता दिखाती है कि AI को समझने की जिज्ञासा अब कितनी व्यापक हो चुकी है।
किताब की सबसे बड़ी ताक़त इसकी सरल भाषा और कहानी के रूप में प्रस्तुति है। उदाहरण रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़े हुए हैं, और कहानी के रूप में समझाने की वजह से रुचि बनी रहती है। अवधारणाएँ धीरे-धीरे सामने आती हैं और यह समझने में मदद करती हैं कि AI असल ज़िंदगी में कैसे काम करता है। यह किताब सीखने की शुरुआती उलझन और तकनीकी विषयों से जुड़े डर को कम करती है, जो] एक मज़बूत आधार बनाती है और पाठक को आगे सीखते रहने के लिए प्रेरित करती है।
आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपनी समझ को मजबूत करने या AI की दुनिया में कदम रखने वालों के लिए, “जर्नी थ्रू ए आई लैंड” (Journey Through AI Land), एक सहज और भरोसेमंद विकल्प प्रदान करती है।
समीक्षक - विकास कुमार