आरएस पुरा। तहसील कार्यालय से मंगलवार की रात को राजस्व रिकार्ड चोरी हो गए। तहसील कार्यालय परिसर में पुलिस जवान भी तैनात रहते हैं, इसके बावजूद किसी ने राजस्व रिकार्ड के कमरे के पीछे से खिड़की तोड़कर रिकार्ड चोरी कर लिया। अभी चोर ने कौन-कौन सा रिकार्ड चोरी किया है कि इसकी जांच की जा रही है।
तहसीलदार शुभु अहमद साद ने बुधवार को इसको लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो पता लगा कि तहसील कार्यालय के पुराने कमरों में बनाए गए राजस्व रिकार्ड रूम की खिड़की टूटी मिली। आशंका है कि कोई अंदर घुसा और रिकार्ड चोरी कर ले गया है। चोर ने रिकार्ड रूम में रखी कई अलमारियों को तोड़ा है। सभी रिकार्ड को यहां-वहां फेंका गया है। कुछ रिकार्ड गायब भी है। उन्होंने बताया कि इसमें जांच की जा रही है कि कौन-कौन सा रिकार्ड गायब है। उन्होंने बताया कि पुलिस को शिकायत की गई और जांच की जा रही है कि आखिर यह वारदात कैसे हुई, और किसने इसे अंजाम दिया है।
थाना प्रभारी जयपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अकसर तहसील व एसडीएम का कार्यालय खुला होने पर गेट पर एक कर्मी को नियुक्त कर रखा है, पर छुट्टी होने पर तहसील का गेट खुला रहता है। एसडीएम व तहसील कार्यालय होने पर रात के समय कोई चौकीदार होना चाहिए, पर ऐसी व्यवस्था नहीं की गई।