जम्मू। जम्मू बंद से पहले मंगलवार को ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के बैनर तले व्यापारियों ने काली पट्िटयां बांधकर प्रदर्शन किया। व्यापारी जम्मू में प्रस्तावित रिलायंस स्मार्ट रिटेल स्टोर खोलने का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने गो बैक रिलायंस के नारे लगाए।
फेडरेशन प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि ऐसे स्मार्ट स्टोर खुलने से छोटे दुकानदार बर्बाद हो जाएंगे। बड़े पैमाने पर छोटा कारोबार बंद हो जाएगा। हम सरकार से लगातार छोटे कारोबारियों को बचाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे स्टोर में लगभग हर चीज उपलब्ध होगी। ऐसे स्टोर खुलने पर गली मोहल्लों में चल रही छोटी दुकानों पर कौन ग्राहक जाएगा। जम्मू बंद को पहला कदम बताते हुए गुप्ता ने कहा कि अगर सरकार व्यापारियों की नहीं सुनती है तो भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसमे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का भी प्रावधान रखा जाएगा। सरकार को ऐसी नई व्यवस्था को बढ़ावा देने से पहले स्थानीय छोटे कारोबारियों के हितों पर ध्यान देना चाहिए। प्रदर्शन में पृथ्वी पाल गुप्ता, कीर्ति गुप्ता, राजेश बगोत्रा, मुनीश महाजन आदि शामिल रहे।