मेंढर सब-डिवीजन के भाटादूड़ियां इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। गुरुवार शाम को आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर जिले में 60 घंटे के भीतर दूसरा हमला किया था।
जम्मू संभाग में पुंछ जिले के मेंढर सब-डिवीजन के भाटादूड़ियां इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है ताकि आतंकियों को भागने का मौका न मिल सके। पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरनकोट से बिंबरगली के बीच सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार शाम से पुंछ जिले के मेंढर में काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन के दौरान भारी गोलीबारी हुई। जिसमें राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी और राइफलमैन योगंबर सिंह शहीद हो गए। राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी व राइफलमैन योगंबर सिंह ने अनुकरणीय साहस देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा ऋणी रहेगा। राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी जिला टिहरी गढ़वाल उत्तराखंड और रायफलमैन योगंबर सिंह जिला चमोली उत्तराखंड के रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें- कश्मीर घाटी: कभी गूंजे थे ‘यहां क्या चलेगा- निजाम-ए-मुस्तफा’ के नारे, अब मस्जिदों में हो रही अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की बात
इससे पहले सोमवार सुबह पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के चमरेड़ जंगल में आतंकियों की ओर से घात लगा कर किए गए हमले में सेना की 16 आरआर का एक जेसीओ और चार जवान शहीद हो गए थे। उसके बाद पिछले 60 घंटे से सुरक्षाबल चमरेड़ से लेकर देहरागली में आतंकियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रहे हैं।