घगवाल। परिसीमन आयोग की ओर से सांबा को एक अतिरिक्त विधानसभा सीट देने के प्रस्ताव के बाद अटकलों का बाजार गर्म होने लगा है। राजपुरा तहसील, सांबा की पांच पंचायत हलकों को रामगढ़ में बनने वाली विधानसभा सीट के साथ जोडे़ जाने का प्रस्ताव हैं। इसको लेकर राजपुरा तहसील के लोगों में रोष बनता जा रहा है।
इसी संदर्भ में रविवार को राजपुरा के राम मंदिर में लोगों ने बैठक कर परिसीमन आयोग से अपील की कि राजपुरा तहसील को सांबा के साथ ही रखा जाए। उनका कहना था कि वह पहले हीरानगर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा रहे हैं। वह भी आरक्षित सीट थी। अब उन्हें रामगढ़ के साथ जोडे़ जाने की अफवाह है। वह मांग कर रहे थे कि राजपुरा तहसील को यदि रामगढ़ के साथ जोडे़ जाने का निर्णय लिया गया तो स्थानीय लोगों में अधिक रोष बनेगा। उनकी मांग थी कि राजपुरा व घगवाल को जोड़ कर विधानसभा की सीट बनाई जाए। या उन्हें सांबा के साथ जोड़ा जाए।