ज्यौड़ियां। खौड़ में बिजली की भारी कटौती, कम वोल्टेज तथा बिजली के बिल को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है। वीरवार को क्षेत्र के लोगों की परेशानी को देखते हुए एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर ने बिजली विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या को जल्द हल करने के निर्देश जारी किए। एमसी चेयरमैन डिप्टी राम तथा बीडीसी ब्लाक खौड़ बलबीर सिंह भाऊ भी उपस्थित रहे।
बिजली विभाग के एईई भुपिंदर सिंह, जेई एसटीडी रोहित शर्मा, एई परगवाल राजेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बिजली का लोड अधिक होने से बिजली की समस्याएं आ रही हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों की बात सुनने के बाद एसडीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को सुचारू रूप से बिजली उपलब्ध कराई जाए।