जम्मू। सरकार ओलावृष्टि और बारिश के कारण धान और सब्जियों की फसल के शतप्रतिशत नुकसान की घोषणा करे। साथ ही किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। यह बात पूर्व मंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता अजय कुमार सडोत्रा ने कही।
उन्होंने अकालपुर, कानाचक, कल्याणपुर, शामचक, संग्रामपुर, शहजादपुर और दुर्गा चक गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। बताया कि मढ़ इलाके में फसल तबाह है, किसान बर्बाद हो गए हैं। प्लांवाला, खुर, अखनूर, आरएस पुरा, बिश्नाह, रामगढ़, हीरानगर और कठुआ के पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी फसल के शत प्रतिशत नुकसान की सूचना दी है। धान और सब्जियों की फसल को हुए नुकसान से किसान हताशा है। काटा हुआ धान पानी में डूब गया है। केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे से लोग निराश हैं। उनकी ओर से किसानों के लिए कोई घोषणा नहीं की गई है। इस मौके पर पूर्व सरपंच राकेश शर्मा, दीवान सिंह, कीमती लाल, राम लाल, प्रीतम बख्शी, पंडित सूरज मनी, रवि कुमार शर्मा, अमन मन्हास आदि मौजूद रहे।