जम्मू-कश्मीर में चिह्नित टूरिस्ट गांवों के लिए सरकार होम स्टे प्रोजेक्ट पर काम करने जा रही है। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 15 टूरिस्ट गांवों में होम स्टे प्रोजेक्ट के लिए तीन करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा टूरिस्ट विलेज नेटवर्क में युवा समूह मिशन यूथ के तहत अतिरिक्त 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद ले सकेंगे। बांदीपोरा में लोगों के बीच पहुंचे अर्जुन मुंडा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जनजातीय आबादी के लिए सरकार कई योजनाएं लेकर आई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय के लिए आठ ट्रांजिट आवास बनाए जाएंगे। इसी तरह से जम्मू-कश्मीर में पहली बार विशेष जनजातीय स्वास्थ्य योजना शुरू की गई है। 15 करोड़ की लागत से खानाबदोश समुदायों के लिए आपात चिकित्सा सुविधाएं जुटाई जाएंगी। एक अन्य महत्वपूर्ण योजना के तहत 1500 छोटे भेड़ फार्म स्थापित किए जाएंगे। इससे तीन हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। हर साल एक तिहाई संख्या में नए भेड़ फार्म स्थापित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर: माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए 20 ग्राम चांदी का सिक्का जारी, इन दुकानों पर है उपलब्ध
16 दुग्ध गांवों के लिए काम शुरू
अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रदेश में 16 दुग्ध गांवों के लिए काम शुरू हो गया है। इससे दो हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। जनजातीय अनुसंधान संस्थान की स्थापना के लिए कार्यकारी समूह का गठन किया गया है। जल्द ही यह भी स्थापित हो जाएगा।