भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सुरक्षा बलों के साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी आईबी पर एंटी टनल तलाशी अभियान में शामिल हो रहे हैं। पुलिस भी नदी नालों के आसपास व घुसपैठ के पुराने मार्गों को पूरी तरह से खंगाल रही है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिली थी कि सांबा व हीरानगर की भारत पाक सीमा से घुसपैठ हो सकती है। जिस को लेकर सेना, बीएसएफ व पुलिस को अलर्ट किया गया है। अंदेशा जताया जा रहा है की डोडा व राजोरी में 40 से अधिक आतंकी मौजूद है। बीएसएफ के एक अधिकारी का कहना था की भारत पाक सीमा से घुसपैठ करना आसान नहीं है। उनके जवान चौबीस घंटे सतर्क हैं। शुक्रवार को दूसरे दिन भी एंटी टनल अभियान जारी रहा।
लखनपुर में जांच के बाद ही मिल रहा प्रवेश
उधर कठुआ में हाई अलर्ट के बाद पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। लखनपुर में पुलिस के जवान हर आने वाले वाहन की गहनता से जांच कर रहे हैं और बसों व कारों से आने वालों के सामान की भी जांच की जा रही है। चेक पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में हर वाहन की तस्वीर कैद हो रही है और उसके बाद पुलिस व सुरक्षाबल के जवान गाड़ियों की जांच कर रहे हैं।