वर्तमान समय में कश्मीर घाटी के बारामुला से संगलदान (रामबन) तक ट्रेन चल रही है। इस तरफ कन्याकुमारी से कटड़ा (रियासी) तक ट्रेन चल रही है। 46 किलोमीटर लंबे विद्युतीकृत मार्ग के चालू होने की उम्मीद है। रेलवे 272 किलोमीटर यूएसबीआरएल (उधमपुर- श्रीनगर -बारामुला रेल लिंक) परियोजना में से कुल 255 किलोमीटर को कवर करेगा, जिससे कटड़ा और रियासी के बीच केवल 17 किलोमीटर मार्ग का काम पूरा होना बाकी है। भारतीय रेलवे रियासी और संगलदान के बीच नियमित सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
दुनिया के सबसे ऊंचे आर्क रेल पुल के व्यापक निरीक्षण के बाद, रेलवे ने पिछले महीने 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से रामबन जिले के संगलदान और रियासी के बीच आठ कोच वाली मेमू ट्रेन का सफलतापूर्वक ट्रायल रन किया था। 48.1 किलोमीटर लंबे बनिहाल-संगलदान खंड सहित यूएसबीआरएल परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 20 फरवरी, 2024 को किया गया था।