शोपियां मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर
- फोटो : ANI
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में गुरुवार को मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। वह बुधवार की रात एक नागरिक पर हमले में शामिल था। आईजी विजय कुमार ने बताया कि ओजीडब्ल्यू से सक्रिय आतंकी बने अनायत अशरफ डार को मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। वह बुधवार की रात नागरिक जीवर हमीद भट पर हमले में शामिल था जिसमें गोली लगने से भट गंभीर रूप से घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने बताया कि नागरिक पर हमले के बाद कुछ संदिग्धों से पूछताछ तथा खुफिया इनपुट के आधार पर केशवा गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान घेरा सख्त होता देख आतंकी की ओर से सर्च पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी गई। अचानक फायरिंग शुरू होने के बाद आसपास के घरों के लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
यह भी पढ़ें-
शहीद के पिता की दर्द भरी दास्तां: बेटे की तलाश में रोज फावड़ा लेकर निकलता था, कई कब्रें खोद डालीं, फिर...
शुरूआत में आतंकी को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया गया। पूरी रात समर्पण की अपील करने के बाद भी वह नहीं माना। उसने फायरिंग जारी रखी तो जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया गया। मारा गया आतंकी अपने गांव और आसपास के इलाकों में हथियार से लोगों को डराता धमकाता था। पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकी के पास से पिस्टल बरामद हुआ है। वह हाल में ही सक्रिय आतंकी बना था। इलाके में ड्रग्स की तस्करी भी करता था।