ज्यौड़ियां। एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर ने सोमवार को कृषि विभाग के अधिकारियों और तहसीलदार सुदेश कुमार शर्मा के साथ दौरा कर बारिश अैर ओले गिरने से धान की फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बर्बाद हुई फसल को देख कर किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
एसडीएम ने पंचायत हमीरपुर सिदड़, सैंथ, पगांली देरियां तथा मट्टू आदि का दौरा किया। किसानों को आश्वासन दिया कि राजस्व विभाग के सभी पटवारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। सभी अपने-आपने हलके में पहुंच कर फसल नुकसान की सूची तैयार करें और जल्द से जल्द जमा कराएं। एसडीएम ने बताया कि सूची तैयार करने के समय पर कृषि विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगें।
किसानों का कहना है कि उनका बारिश से सारी की सारी फसल बर्बाद हो गई है। सरकार को चाहिए कि मुआवजे के नाम पर लीपापोती नहीं करते हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं म्यूनिसिपल कमेटी अध्यक्ष तथा पार्षदों ने भी एसडीएम से मुलाकात कर क्षेत्र के किसानों को नुकसान का निरीक्षण कर उचित मुआवजा दिलाने के लिए कहा।
खराब फसल का मुआयना करने पहुंचे अधिकारी
करीब 80 प्रतिशत खराब बताया
अरनिया। आंधी, बारिश व ओले से खराब हुई धान की फसल का सोमवार को राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारिओं ने दौरा किया। वहीं आकलन के शुरूआती दौर में फिलहाल बर्बादी का आंकड़ा करीब 80 प्रतिशत तक बताया गया है।
सोमवार की सुबह नौ बजे पटवारी सहित तहसीलदार अमित मन्हास, नायब तहसीलदार पिर्थी पाल शर्मा, कृषि विभाग से चीफ अरविंद कुमार, एसडीओ देशराज, एसडीओ सरदार ओम सिंह तथा अरनिया कृषि अधिकारी सुधाकर खजूरिया आदि ने खेतों में पहुंच कर खराब धान फसल का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया तहसील अधीन एक लाख 2916 कनाल उपजाऊ भूमि है, जिसमे एक लाख 2361 कनाल पर धान फसल लगाई गई। जो पूरी खराब हो चुकी है, जिसका आकलन करने के बाद फिलहाल करीब 80 प्रतिशत खराबी का आंकड़ा रखा गया है।
हालाँकि यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इस मौके पर त्रेवा सरपंच बलबीर कौर व चंगिया के पूर्व सरपंच व पंच डॉक्टर रघुबीर सिंह मुख्य तौर पर साथ रहे।
ताराचंद ने की प्रभावित फसलों के मुआवजे की मांग
अखनूर। पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता ताराचंद ने बारिश और ओले के कारण नुकसान झेलने वाले किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। ताराचंद ने सोमवार को सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दौरा करके नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बारिश और ओले से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। इसकी कटाई जल्द होनी थी। किसान फसलों पर निर्भर हैं। यह उनके आय का एकमात्र स्रोत है। संवाद
पूर्व विधायक ने किया ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा
अखनूर। पूर्व विधायक राजीव शर्मा ने सोमवार को क्षेत्र में बारिश और ओले से गांव गडखाल, सिद्धरबां, रख खारून आदि क्षेत्रों में दौरा कर बर्बाद फसल का जायजा लिया। इस दौरान राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी भी साथ थे। किसानों ने जानकारी दी कि धान, सब्जियों आदि की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।
पूर्व विधायक ने कहा कि उचित मुआवजे के सही आकलन के लिए राजस्व और कृषि अधिकारियों को कहा गया है कि वह जल्द रिपोर्ट बना कर आगे भेजें। ताकि उचित मुआवजा दिया जा सके। इस मौके दलबीर सिंह पवार, नायब तहसीलदार अशोक शर्मा, सरपंच गडखाल कश्मीर सिंह, सोभा राम, तरसेम सिंह, विजय शर्मा, शाम लाल शर्मा आदि शामिल थे।
किसानों की खराब हुई धान की फसल का लिया जायजा
घगवाल। गत दिनों बारिश व ओले से किसानों की धान की फसल के बर्बाद होने पर सोमवार को कृषि विभाग के अधिकारियों व भाजपा नेताओं ने खेतों में पहुंच कर नष्ट हुई फस्ल का जायजा लिया। कृषि विभाग के मुख्य अधिकारी संजे वर्मा ने बताया कि उन्होंने मदून कैंप, चक लाल, चक सद्दा, सदवाल, सुजाना आदि गांवों का दौरा कर किसानों की नष्ट हुई धान की फसल का जायजा लिया है। उनके अनुसार बासमती धान 80 से सौ प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। कृषि विभाग के एसडीओ वरिंद्र डोगरा, एईओ आरपी सिंह, विकास शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष राधा कृष्ण, डीडीसी सदस्य आशा रानी, भाजपा ओबीसी मोर्चा के रछपाल वर्मा, गीता भगत, मंडल प्रधान कुलभूषण जसरोटिया भी उनके साथ थे। संवाद
बर्बाद फसल का 30 हजार रुपये कनाल दिया जाए मुआवजा
आरएस पुरा। पूर्व मंत्री चौ. गारू राम ने किसानों की बासमती धान की फसल शनिवार को बारिश व ओले गिरने से बर्बाद हुई फसल देखी। उन्होंने सरकार से प्रति कनाल 30 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को किसानों की हालत को देखते हुए उनकी तबाह हुई फसल का मुआवजा जारी करने के कदम उठाने चाहिए। आल जम्मू एंड कश्मीर किसान कांग्रेस के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम ने कहा कि मैंने अपने जीवन में किसानों की फसल का इतना नुकसान होते हुए नहीं देखा है। जितना शनिवार को बारिश व ओले की वजह से हुआ है। उन्होंने कहा कि यह वर्तमान प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि संबंधित अधिकारी समय पर गांव-गांव पहुंच कर किसानों की बर्बाद हुई फसल का आकलन करें और एक रिपोर्ट तैयार कर सरकार के समक्ष रखी जाए और सरकार से प्रभावित किसानों को समय पर प्रति कनाल 30 हजार रुपये बतौर मुआवजे की राशि दी जाए।
सुचेतगढ़ विधानसभा में लोगों ने जिन लोगों का साथ दिया है, वह मुसीबत के वक्त अपना मुंह फेर कर कहीं छुप गए हैं। किसानों के जीवन पर आई आफत उन्हें दिखाई नहीं दे रही है। धान बासमती की फसल को तैयार करने में किसानों का राशि खर्च करनी पड़ती है। ऐसे में अगर किसानों को मुआवजे की कम राशि जारी की जाती है तो यह उनके साथ मजाक करने वाली बात होगी। किसान पहले ही कोरोना की वजह से आर्थिक तौर पर दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के पंचों-सरपंचों से अपील करते हुए कहा कि वे मुसीबत की घड़ी में किसानों को उचित मुआवजा दिलाने में अपना योगदान दें।
मुआवजा देना प्रशासन का कर्तव्य
ज्यौड़ियां। खौड़ के नेकां सचिव देवी दयाल जोगी ने धान की फसल के मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कुछ दिन पहले बारिश और ओले के कारण भारी नुकसान झेलने वाले किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। देवी दयाल जोगी ने कहा कि बारिश और ओले से धान की फसल को नुकसान हुआ है, जिसे जल्द ही काटा जाना था। किसान फसलों पर निर्भर हैं। उनकी फसल पूरी तरह से बर्बाद होने के कारण उन्हें मुआवजा देना प्रशासन का कर्तव्य है। संवाद
सरकार से किसानों के लिए मुआवजे की मांग
रामगढ़। नेशनल पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री हर्षदेव सिंह और पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल ने सोमवार को बारिश और ओले से फसल और सब्जी का जायजा लिया। इस दौरान सरकार से किसानों के लिए मुआवजे की मांग की।
इस दौरान किसान बलदेव सिंह, राज कुमार, नरेश कुमार, सरदारी लाल ने बताया कि बारिश और ओले के कारण धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। अधिकतर ऐसे किसान हैं जिन्होंने कर्ज लेकर फसल लगाई थी। हर्षदेव सिंह ने कहा कि नुकसान बहुत बड़ा हुआ है। जम्मू प्रांत के अन्य जिलों में भी इसी तरह का नुकसान हुआ है। हम जानते है कि किसान किस तरह फसल की देखभाल करता है। प्रशासन जल्द से जल्द कमेटी बनाकर सीमावर्ती क्षेत्र में हुए नुकसान का पता कर किसानों को मुआवजा दे। पैंथर्स कार्यकर्ता ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर यशपाल शर्मा, राजेश्वर सिंह, लखविंदर सिंह, काला, सतपाल और कई अन्य लोग मौजूद थे।
राजस्व अधिकारियों के साथ सरपंच ने किया पंचायत का दौरा
आरएस पुरा। ब्लॉक की पंचायत कल्याणा के सरपंच युवराज सिंह ने सोमवार को कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ पंचायत का दौरा किया। शनिवार को बारिश एवं ओले गिरने के कारण नष्ट हुई धान की फसल का जायजा लिया।
इस मौके पर भाजपा नेता सूरत सिंह चाढ़क सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे। किसानों से जानकारी हासिल करने के बाद सरपंच ने कहा कि किसानों द्वारा लगाई धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। पंचायत में 100 प्रतिशत धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर इस नुकसान के बारे में जानकारी दी गई है। उनसे मांग की गई कि वह जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करके संबंधित विभाग को सौंपे। ताकि किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि गत वर्ष भी जो नुकसान हुआ उसका मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। इसके चलते सरकार को पिछले साल का और अब हुए नुकसान का मुआवजा देने की जरूरत है। इस मौके पर नायब सरपंच कपूर सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
पूर्व मंत्री व डीडीसी सदस्य ने बर्बाद फसल देखी
आरएस पुरा। बेमौसम बारिश और ओले गिरने के कारण बर्बाद हुई धान की फसल का जायजा लेने पूर्व मंत्री और पार्टी के उपाध्यक्ष चौधरी श्याम लाल तथा डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम भगत ने सीमावर्ती विधानसभा सुचेतगढ़ के गांव रायपुरसजदा, वेरा कठमारिया, बैगा, चंदूचक अब्दुल्लियां सहित कई गांव का दौरा कर प्रभावित किसानों से मुलाकात की। किसानों को आश्वासन दिया उनकी फसलों का उन्हें उचित मुआवजा मिलेगा। उनके साथ तहसीलदार, नायब तहसीलदार व पटवारी भी थे। पूर्व मंत्री ने कहा कि जल्द से जल्द खराब फसल का जायजा लिया जाए और सूची बनाकर दी जाए। ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके। इस मौके पर किसान मोर्चा के स्वर्ण सिंह चिब, कृष्ण चौधरी, विजय चिब, सुधाकर आदि मौजूद रहे। संवाद