जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस(नेकां) को देवेंद्र सिंह राणा और पूर्व मंत्री सथालिया के बाद एक और झटका लगा है। नेकां के वरिष्ठ नेता अब्दुल रहीम राथर के बेटे हिलाल अहमद राथर शनिवार को पीपुल्स कांफ्रेंस(पीसी) में शामिल हो गए। इस दौरान पीसी अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
लोन ने कहा कि दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने मुझसे बहुत पहले वादा किया था कि वह एक दिन मेरे साथ बदलाव के इस कारवां में शामिल होंगे। और आज उन्होंने अपना वादा पूरा किया है। तंज सकते हुए लोन ने कहा कि ऐसे कई भविष्यवक्ता हैं जो वास्तविकता को देखने से इनकार करते हैं। मैं उन भ्रमित लोगों को बताना चाहता हूं कि पीपुल्स कांफ्रेंस आ गई है और जम्मू-कश्मीर के लोगों के सर्वोत्तम हितों के लिए जीत हासिल करेगी।