रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के मंकी मोड़ इलाके में मंगलवार तड़के श्रीनगर की ओर जा रहे दो वाहनों की टक्कर के बाद उनके खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि एक बाल-बाल बच गया है।
जानकारी के मुताबिक टकराने के बाद ट्राला और कैंटर ट्रक खाई में गिर गए। दोनों वाहन श्रीनगर कोयला ओर पीवीसी पाइप की खेप ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार श्रीनगर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्राला (आरजे 19जीबी-8209) ने कैंटर ट्रक (यूपी66-टी-1883) को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों वाहन खाई में गिर गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि ट्राला सहायक ने कूद कर जान बचाई है। सूचना के बाद पुलिस, सिविल क्यूआरटी, एसडीआरएफ, सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त बचाव अभियान चला कर दोनों घायलों और एक शव को खाई से निकाला और जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया।
मृतक की पहचान कैंटर वाहन चालक अनुज कुमार त्रिपाठी (35) निवासी कल्याणपुर, कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में ट्राला चालक राजू राम (30) पुत्र खेमा राम निवासी शिव बरमार (राजस्थान) और सहचालक ओम नारायण (40) पुत्र राम दत्त निवासी करठोली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। हादसे में ट्राला के सहचालक सुनील कुमार ने कूद कर जान बचाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।