उधमपुर। बाहरी राज्य से लौटे एक सुरक्षाकर्मी सहित तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ पांच लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। जिले में 16 मामले शेष हैं। कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इससे प्रशासन को बहुत राहत मिल रही है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामलों में कमी आ रही है और कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इससे सक्रिय मामलों में लगातार कमी आ रही है। सोमवार को जिले में एक भी संक्रमण मामला सामने नहीं आया था, जबकि मंगलवार को तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक सुरक्षाकर्मी बाहरी राज्य से लौटने पर संक्रमित पाया गया है। जबकि एक चिनैनी और एक रामनगर में संक्रमित पाया गया है। शाम तक पांच लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11378 हो गए हैं। इनमें से 11225 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 137 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 16 सक्रिय मामले बचे हैं।